सिवान से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. दरअसल जिले के लकड़ी नवीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से 9 लाख 47 हजार रुपए की लूट को अंजाम दिया गया है. पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.मिली जानकारी के अनुसार, CSP संचालक अपने घर से नकद राशि लेकर केंद्र जा रहा था. इसी दौरान बसौंली-पड़ौली बॉर्डर के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे रोक लिया. दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर संचालक को अपने कब्जे में लेकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया.यही नहीं अपराधियों ने पीड़ित संचालक का मोबाइल फोन भी लूट लिया. इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए. वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. थाना प्रभारी कृष्णा शुक्ला ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.वहीं घटना के बाद से इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार इस तरह की आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.