
विधि व्यवस्था बिहार के लिए बड़ी चुनौती रही है. अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार गंभीर भी है. राज्य में सुशासन लाने के लिए गृह मंत्री सम्राट चौधरी लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं. सम्राट चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जो भी अपराधी अपराध करेंगे उन्हें बिहार छोड़ना होगा.”अपराधी बिहार छोड़कर भाग रहे हैं. जो बचे हुए हैं उनको अगले तीन महीने में बिहार छोड़ने पर मजबूर कर दूंगा. क्योंकि बिहार को सुशासन चाहिए.”- *सम्राट चौधरी, गृह मंत्री, बिहार*पटना के विद्यापति भवन में कैप्टन जय नारायण निषाद की पुण्यतिथि में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैप्टन जैन नारायण निषाद को पिछड़ों और पिछड़ों का मसीहा करार दिया. सम्राट चौधरी ने कहा कि कैप्टन जय नारायण निषाद की आदमकद मूर्ति लगायी जाएगी. इसी दौरान उन्होंने अपराधियों को चेतावनी दी.सम्राट चौधरी ने कहा कि अब मेरे पास एक ही काम रह गया है, वह है कचरा साफ करना, वो मैं कर रहा हूं. दरअसल बालू माफिया, शराब माफिया और संगठित आपराधिक गिरोह को लेकर सरकार रणनीति बना रही है. उनके द्वारा अर्जित की गई अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी जारी है. 1500 से अधिक माफिया को चिन्हित किया गया है. 350 से अधिक माफिया के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. तमाम आपराधिक गिरोह के सरगना की संपत्ति आने वाले दिनों में सरकार जब्त करने की तैयारी में है.
