दरभंगा में बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर पर ईओयू का छापा पड़ा है. जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कबीरचक मोहल्ले में ये छापेमारी चल रही है. इस पूरे मामले में अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान अबतक सामने नहीं आया है.जानकारी के मुताबिक करीब चार गाड़ियों से पहुंची आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने घर को चारों ओर से घेर लिया और सघन जांच अभियान शुरू किया. कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.छापेमारी के दौरान इंजीनियर के परिवार के सदस्य भी घर में मौजूद हैं, जिनसे ईओयू की टीम पूछताछ कर रही है. साथ ही घर में मौजूद दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहा है. महत्वपूर्ण कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है.सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है. ईओयू की टीम दरभंगा स्थित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के आवास के साथ-साथ अन्य संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है. कार्यपालक अभियंता पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की है. अपराध इकाई के पास आय से अधिक संपत्ति को लेकर ठोक सबूत मिले हैं, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है.जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक दरभंगा के निजी आवास के अलावे मधुबनी के जयनगर स्थित दफ्तर और आवास, सुपौल के निर्मली और करजाईन स्थित ठिकानों पर भी अपराध इकाई की टीम की छापेमारी चल रही है.