वैशाली में बड़ा एनकाउंटर हुआ है. पटना एसटीएफ एवं वैशाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार को ढेर कर दिया है. इस एनकाउंटर में प्रिंस की जहां मौत हो गयी है, वहीं उसके एक साथी को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस की ये कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी स्थित हनुमान नगर में हुई है. घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. मुठभेड़ के दौरान प्रिंस का एक सहयोगी भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया है. उसके पास से भी अवैध हथियार बरामद हुए हैं.कुख्यात प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार की पहचान बिहार के सबसे बड़े सोना लूट गिरोह के सरगना सुबोध सिंह के करीबी के रूप में होती है. इसके खिलाफ लगभग दो दर्जन से ज्यादा लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज थे. वैशाली पुलिस को प्रिंस कुमार की तलाश कई संगीन मामले में थी जिसमें वह वर्षो से फरार चल रहा था.पुलिस की इस कार्रवाई के संबंध में एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुख्यात प्रिंस हनुमान नगर स्थित एक घर में छिप कर रह रहा है. सूचना पर एसटीएफ और वैशाली पुलिस की टीम ने छापेमारी की. छापेमारी के क्रम में आरोपित द्वारा फायरिंग की गयी.दरअसल, प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार सोना लूटकांड गिरोग के सरगना सुबोध सिंह का राइट हैंड और शार्प शूटर थी. प्रिंस 2018 में हाजीपुर सिविल कोर्ट में एक पुलिसकर्मी की हत्या कर फरार हो गया था. जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार किया था. वह बेउर जेल में बंद था लेकिन 2 सितंबर को इलाज के बहाने वह पीएमसीएच आया जहां से फिल्मी स्टाइल में उसने 8 पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी दी और सभी पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गया था. तब से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था.
Share
Read more
