जहानाबाद जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ताजा मामला वाणावर थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां समकालीन अभियान में गश्ती पर निकले एएसआई सोनू कुमार को अपराधियों ने घेरकर उनकी पिस्टल छीन ली और मारपीट कर जख्मी कर दिया। मामले में एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाणावर थाने में कार्यरत एएसआइ समकालीन अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार एक महिला सहित पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए सरकारी पिस्टल छीन ली। मारपीट में जख्मी पुलिसकर्मी का इलाज मखदुमपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि पिस्टल बरामद कर लिया गया है साथ ही साथ घटना को अंजाम देने वाले सभी लोगों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।